Page Nav

HIDE

Gradient Skin

Gradient_Skin

Pages

बड़ी ख़बर

latest

दीपक बैज का दावा, भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेंगे

  रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने साफ किया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रदेश में भाजपा से ज्यादा सीटें जीतने में कामया...

 

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने साफ किया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रदेश में भाजपा से ज्यादा सीटें जीतने में कामयाबी हासिल करेंगे। कांग्रेस की न्याय गारंटी योजना को भरपूर समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस के भीतर अंतर्कलह जैसी स्थिति नहीं है। सत्ता पक्ष के प्रलोभन की वजह से कुछ लोग पार्टी से अलग जरूर हुए हैं। बगावत या पार्टी के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रमुख मुद्दा मोदी सरकार की 10 वर्ष की विफलता और कांग्रेस की न्याय गारंटी योजना होगी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पेश हैं राज्य ब्यूरो संवाददाता अजय रघुवंशी की प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के साथ बातचीत के प्रमुख अंश...।

सवाल: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 2 सीट से आगे नहीं बढ़ पाई? इस बार प्रमुख मुद्दा क्या होगा?

जवाब: लोकसभा में पिछला इतिहास कांग्रेस के लिए ठीक नहीं रहा,लेकिन हमारा दावा है कि 2024 के चुनाव में प्रदेश में हम भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेंगे। लोकसभा चुनाव का मुख्य मुद्दा मोदी सरकार की विफलता है, जिसमें महंगाई, बेरोजगारी से देशभर की जनता त्रस्त है। जरूरी वस्तुओं में लगातार जीएसटी बढ़ाकर महंगाई बढ़ाई गई। पेट्रोल-डीजल से लेकर रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि हुई है। 2024 के चुनाव में राज्य सरकार की विफलता को भी जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे, जिसमें पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाओं को बंद करके भाजपा सरकार ने बदले की राजनीति की है। इससे नुकसान आम जनता को हुआ। गोधन योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, आत्मानंद स्कूल, गोठान, राजीव युवा मितान क्लब, छत्तीसगढ़ियां ओंलिंपिक आदि योजनाएं गांव,गरीब,युवा, किसानों से जुड़ी थी।

सवाल: कांग्रेस क्यो टूट रहा है? पार्टी के भीतर वाद-विवाद बढ़ने की क्या वजह है?

जवाब: पार्टी कभी किसी को नहीं छोड़ती। हां, कुछ लोग गलतफहमियों में पार्टी जरूर छोड़ देते हैं। सत्ता पक्ष के लोगों ने पार्टी तोड़ने की साजिश की है। इसकी बड़ी वजह सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा दिया जाने वाला प्रलोभन और भय है। हालांकि यह सच है कि जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, भाजपा से सिर्फ धोखा मिलेगा। लोगों को भय दिखाकर डराया जा रहा है। एफआइआर और मुकदमा तक की धमकी दी जा रही है। इसके अलावा निगम व अन्य मंडलों में पदों देने के झूठे वादे भाजपाइ कर रहे हैं। रही बात पार्टी के भीतर वाद-विवाद की तो कार्यकर्ता अपनी बात सही मंचों पर नहीं रख रहे हैं। हमने पहले भी कार्यकर्ताओं को कहा है कि अपने बातें पार्टी व संगठन के भीतर रखें न कि सार्वजनिक मंचो पर। हमारे लिए कार्यकर्ताओं का सम्मान सबसे बड़ा है। हम कार्यकर्ताओं के घर तक पहुंच रहे हैं। कांग्रेस पहले से ज्यादा मजबूत है। अब पुरानी बातों को छोड़कर हम बस्तर की तैयारी में लग चुके हैं। चुनाव में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।

सवाल: प्रधानमंत्री को लेकर नेता प्रतिपक्ष का बयान कितना सही है? एफआइआर पर क्या कहेंगे ?

जवाब: प्रधानमंत्री को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने जो कुछ भी कहा उसके लिए उन्हें खेद प्रकट किया है। इससे पहले गौर करने वाली बात यह है कि भाजपा के लोग छत्तीसगढ़ी मुहावरा,लोकोक्ति को ठीक से समझ नहीं पाए। नेता प्रतिपक्ष का उद्देश्य बिल्कुल भी गलत नहीं था। भाजपा ने गलत मतलब निकाल लिया। सरकार के दबाव में कार्रवाई की गई है, लेकिन एक ही राज्य में दो अलग तरह के कानून यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। नेता प्रतिपक्ष के आवास पर गृहमंत्री के नेतृत्व में जब भाजपाइ प्रदर्शन करने पहुंचते हैं और सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता है तब पुलिस एफआइआर दर्ज नहीं करती है। हमने इसके खिलाफ भी निर्वाचन कार्यालय में शिकायत की। सीसीटीवी में साफ दिखाई देने के बाद भी भाजपा मुंह फेर लेती है।

सवाल: बस्तर में मोदी की सभा के मुकाबले में आपके स्टार प्रचारक कौन होंगे?

जवाब: बस्तर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव जीतने के लिए हमने पूरी ताकत झोंक दी है। बस्तर में राहुल गांधी की सभा की रणनीति बनाई गई है। लोकसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारक मोर्चा संभालेंगे। हम अपने मुद्दों को लेकर जनता के सामने जाएंगे। बस्तर की आदिवासी हितों को लेकर कांग्रेस वर्षों से काम करती आ रही है। स्व. इंदिरा गांधी के राजनीतिक दौर से कांग्रेस के लिए बस्तर का विकास प्राथमिकता में शामिल हैं।

जानिए दीपक बैज के बारे में

बस्तर जिले के ग्राम गढ़िया निवासी दीपक बैज ने छात्र राजनीति से शुरुआत की। इसके बाद उन्हें युवा कांग्रेस में मौका मिला। 2009 से 2012 तक बैज लोहांडीगुड़ा ब्लाक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रहे। 2013 में उन्हें चित्रकोट विधानसभा से कांग्रेस ने चुनावी मैदान पर उतारा।

2018 के विधानसभा चुनाव में बैज ने चित्रकोट विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक का चुनाव जीता। मोदी लहर के बीच 2019 में कांग्रेस ने उन्हें बस्तर लोकसभा से सांसद प्रत्याशी बनाया। उन्होंने भाजपा के बैदूराम कश्यप को हराया। विधानसभा चुनाव-2023 के पहले जुलाई महीने में बैज को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी गई।

No comments