रायपुर, 03 दिसम्बर 2025 यादव समाज द्वारा राजिम में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख...
रायपुर, 03 दिसम्बर 2025 यादव समाज द्वारा राजिम में श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू, नगर पालिका गरियाबंद के अध्यक्ष रिखी यादव, नगर पंचायत राजिम के अध्यक्ष महेश यादव, फिंगेश्वर जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष सतीश यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र वासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण, राधाजी और मां सरस्वती की वंदना व पूजन के साथ हुआ। उपस्थित कलाकारों एवं समाजजनों ने भजन, स्तुति और गीता के सस्वर पाठ से वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गजेन्द्र यादव ने यादव समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गीता जयंती का आयोजन राजिम अंचल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा—हर घर में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित हो। प्रतिदिन लड्डू गोपाल की विधिवत पूजा करना चाहिए। सप्ताह में एक दिन पूरा परिवार साथ बैठकर भोजन करे, जिससे प्रेम, संवाद और अपनत्व बना रहता है।
मंत्री यादव ने मंच से उपस्थित सभी परिवारों से आग्रह किया कि व्यस्ततम जीवन में भी सप्ताह में एक दिन अवश्य सामूहिक भोजन करें और परिवार के सदस्यों के सुख-दुख को साझा करें।
राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता धर्म, कर्म और जीवन जीने की सही दिशा देती है। उन्होंने यादव समाज द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया और इसे संस्कृति-संस्कारों को सहेजने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर कोसरिया यादव समाज के जिलाध्यक्ष रामानंद यादव, ठेठवार यादव समाज के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव, झेरिया यादव समाज के जिलाध्यक्ष भुवन यदु, बड़े कोसरिया यादव समाज के जिलाध्यक्ष हेमलाल यादव, मग्धा यादव समाज के प्रमुख केनूराम यादव, भोरतिया यादव समाज के प्रमुख पन्ना लाल यादव, महिला प्रकोष्ठ कोसरिया की जिलाध्यक्ष मोतिम यादव, महिला प्रकोष्ठ झेरिया की जिलाध्यक्ष भुनेश्वरी यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

No comments